राष्ट्रीय : - स्वीडन के राजा कार्ल गुस्ताफ गंगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बच्चों से मुलाकात कर बेहद खुश व प्रभावित हुए। इस विषय पर उन्होंने लगभग १५ मिनट तक गंभीरता से चर्चा की। इस चर्चा के बीच में उन्होंने भारत से जुड़े हुए काफी सवाल बच्चों से पूछे, जिनका जवाब बच्चों ने बखूबी तरीके से दिया। उन्होंने बच्चों को आश्वासन दिया कि जल्द ही पर्यावरण प्रदूषण पर भारत और स्वीडन मिलकर अच्छा कार्य करेंगे। पर्यावरण प्रेमी रिद्धिमा पांडेय के नेतृत्व स्कूली बच्चे स्वीडन के राजा गुस्ताफ और रानी सिल्विया रेनेट से गंगा चौक स्थित गंगा दर्शन घाट पर मिले। बच्चों ने उनका अच्छे से स्वागत किया और गंगा के विषय में उन्हें बहुत सी जानकारी दी। और भारत में गंगा और पर्यावरण की स्थिति के विषय में चर्चा की।
पर्यावरण प्रेमी रिधिमा ने राजा को बताया कि भारत में केंद्र सरकार स्वच्छ गंगा, स्वच्छ भारत अभियान चला रही है। लेकिन यहां पर जागरूकता की बहुत कमी है, जिसके चलते यह योजना सार्थक नहीं हो पा रही है। केवल २०% ही काम हो रहा है। राजा और रानी ने भारत में वन्य जीव जंतुओं और पर्यावरण आदि पर जानकारी प्राप्त की, और बच्चों को ढेर सारी शुभकामनाएं भी दी। स्वीडन के राजा और रानी कार्बेट नेशनल पार्क के गेस्ट हाउस में ठहरे। उनका स्वागत पार्क के निदेशक राहुल, उप निदेशक चंद्रशेखर, एसडीओ रमाकांत तिवारी आदि ने किया। राजा और रानी आज, यानी शुक्रवार को कार्बेट नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगे।